झांसी। अतिवृष्टि से खराब हुई फसलों की बीमा कंपनी ने क्लेम की 25 प्रतिशत धनराशि 11.37 करोड़ उपलब्ध करा दी है। इसका वितरण जनपद के 1,02,387 प्रभावित किसानों को किया जाएगा। जिसके लिए झांसी जिले के किसान लगातार प्रदर्शन करते हुए मुआवजे की मांग कर रहे थे। सितंबर माह में दो-तीन दिन हुई मूसलाधार बारिश की वजह से खरीफ की उड़द, मूंग, तिल व मूंगफली की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा था। राजस्व विभाग द्वारा कराए गए प्लॉट टू प्लॉट सर्वे में 20.13 करोड़ रुपये से अधिक की क्षति सामने आई थी। 24,267 हेक्टेअर जमीन प्रभावित पाई गई थी। शासन की ओर से 16.10 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि उपलब्ध करा दी गई है, जो किसानों के खाते में भेजी जा रही है। इसके अलावा अब बीमा कंपनी टोक्यो की ओर से क्लेम की 25 प्रतिशत धनराशि भी उपलब्ध करा दी गई है। इसका वितरण शुरू कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वरुण कुमार पांडेय ने बताया कि बीमा क्लेम की धनराशि किसानों के बैंक खातों में भेजी जा रही है।
0 Comments